सम्राट चौधरी ने दावा किया है कि विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में एनडीए गठबंधन को जबरदस्त सफलता मिलने जा रही है। उनके अनुसार, पहले चरण में हुई 121 सीटों में से करीब 100 सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है।
गुरुवार को भाजपा मीडिया सेंटर, पटना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों और स्थानीय प्रतिनिधियों से मिली फीडबैक के आधार पर यह साफ है कि इस बार का चुनाव परिणाम 2010 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देगा।

उन्होंने कहा कि “बिहार की जनता ने जिस उत्साह के साथ मतदान में भाग लिया है, वह बताता है कि राज्य में फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है। मतदान शांतिपूर्ण रहा, इसके लिए मैं बिहार की जनता, प्रशासन और चुनाव आयोग का आभार व्यक्त करता हूं।”
सम्राट चौधरी ने दावा किया कि इस बार भी लालू प्रसाद यादव के परिवार का कोई सदस्य जीत दर्ज नहीं कर पाएगा, ठीक वैसे ही जैसे 2010 में हुआ था। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव की हार तय है।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस चरण में मतदान प्रतिशत पिछले चुनावों से चार से पांच प्रतिशत अधिक रहने की संभावना है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को धन्यवाद दिया जिन्होंने बड़ी संख्या में एनडीए के पक्ष में मतदान किया।
“बिहार के मतदाताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जताया है,” चौधरी ने कहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि 11 नवंबर को होने वाले अगले चरण में भी मतदाता स्थिर और विकासोन्मुख सरकार के लिए एनडीए को बहुमत देंगे।

प्रेस वार्ता में विधान पार्षद संजय मयूख, अनिल शर्मा, दानिश इकबाल और अमित प्रकाश बबलू भी मौजूद थे।











