बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि इस बार राज्य में अभूतपूर्व परिवर्तन की लहर चल रही है। उन्होंने दावा किया कि 20 वर्षों में पहली बार जनता ने बदलाव के लिए एकजुट होकर मतदान किया है।

गुरुवार शाम जारी अपने बयान में तेजस्वी यादव ने कहा कि “बिहार ने इस बार बदलाव के लिए वोट किया है। लोगों ने 20 साल के अंधकार को समाप्त करने के लिए घरों से निकलकर मतदान किया और परिवर्तन की ऐसी रोशनी जलाई है, जिससे पूरे राज्य में सुख, समृद्धि, सुरक्षा और सम्मान की नई उम्मीद जागी है।”

उन्होंने कहा कि हर वर्ग — महिलाएं, युवा और बुजुर्ग — लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक शामिल हुए हैं। “इस बार हर घर से नहीं, बल्कि हर दिल से एक ही आवाज उठी है कि बिहार में नई, युवा और जनमुखी सरकार बनेगी,” तेजस्वी ने कहा।

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि पहले चरण की सभी 121 सीटों पर महागठबंधन को जनता का व्यापक समर्थन मिला है। उनके अनुसार, मतदान का रुझान यह स्पष्ट कर रहा है कि राज्य महापरिवर्तन की दिशा में कदम बढ़ा चुका है।

उन्होंने मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा, “आप सब मेरी ताकत हैं। यह रुकने या थमने का समय नहीं है। तकनीकी और तरक्की से रोशन बिहार अब बस कुछ कदम दूर है।”

तेजस्वी यादव ने वादा किया कि यदि महागठबंधन की सरकार बनती है, तो आने वाले पांच वर्षों में बिहार को खुशहाल, आत्मनिर्भर और अवसरों से भरा राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “आपका बेटा, भाई और साथी तेजस्वी वचन देता है कि अगले पांच सालों में बिहार में नई दिशा और नई उम्मीद का युग शुरू होगा।”

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD