MUZAFFARPUR : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए अहम निर्णय लिया है। 14 नवंबर (गुरुवार) को मुज़फ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र सहित निकटवर्ती बोचहा एवं मुसहरी प्रखंडों में स्थित सभी सरकारी व निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियाँ स्थगित रहेंगी।

इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने आदेश जारी किया है।

डीएम सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि 14 नवंबर को कृषि उत्पादन बाजार समिति, अहियापुर परिसर में विधानसभा चुनाव की मतगणना संपन्न होगी। मतगणना केंद्र के आसपास बड़ी संख्या में राजनीतिक प्रतिनिधियों, वाहनों और कर्मियों की आवाजाही रहेगी, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में विद्यालय बसों और कोचिंग वाहनों के संचालन में कठिनाई आ सकती है। इसी कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण के दृष्टिकोण से यह कदम उठाया गया है।

जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) को आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का यह निर्णय जनसुरक्षा एवं व्यवस्थागत सुचारू संचालन के उद्देश्य से लिया गया है।

गौरतलब है कि मतगणना दिवस पर शहर में विशेष यातायात नियंत्रण प्लान लागू किया गया है। मुख्य सड़कों पर वाहन परिचालन आंशिक रूप से सीमित रहेगा, ताकि मतगणना कार्य निर्विघ्न संपन्न हो सके।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे आवश्यक कार्यों के अलावा संबंधित क्षेत्रों में भीड़भाड़ से बचें और प्रशासनिक दिशानिर्देशों का पालन करें।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD