PATNA : सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह ने शनिवार को औपचारिक रूप से विभाग का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण के दौरान सचिव अभय कुमार सिंह और विभाग के कई अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

पहली बार मंत्री बनीं श्रेयसी ने कहा कि भाजपा और एनडीए नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए भरोसे से वे उत्साहित हैं, लेकिन साथ ही उन्हें यह भी महसूस है कि उन्होंने जिस विभाग की जिम्मेदारी संभाली है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करेंगी। चुनौतियों के सवाल पर उनका कहना था कि हर काम में चुनौतियाँ होती हैं, और वे उनका सामना करने से पीछे हटने वाली नहीं हैं।

श्रेयसी सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी के साथ-साथ खेल विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी होने के नाते वे जानती हैं कि खेल क्षेत्र से जुड़े लोगों को किस तरह की दिक्कतें आती हैं। इसलिए खेल मंत्री के रूप में उनका प्रयास रहेगा कि खिलाड़ियों की सभी समस्याओं का समाधान किया जाए।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं श्रेयसी ने कहा कि वे विभाग के लिए एक विस्तृत ब्लू प्रिंट तैयार करेंगी और उसी के अनुरूप आगे का काम तय किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में बिहार के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ और मजबूत खेल ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा।










