पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। कोलकाता में आयोजित एक बड़े विरोध मार्च के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। ममता ने चेतावनी देते हुए कहा कि “किसी की सरकार हमेशा नहीं चलती, 2029 में देश की राजनीति बहुत बदल जाएगी। अगर बंगाल पर हमला किया गया, तो इसे मैं अपना व्यक्तिगत अपमान मानूंगी। और यदि मुझ पर चोट पहुंचाने की कोशिश हुई, तो उसके परिणाम पूरे देश को हिला देंगे।”

उन्होंने कहा कि चुनावों के बाद वे देशभर में एसआईआर के खिलाफ जन आंदोलन छेड़ेंगी।

“बंगाल को कभी नहीं जीत पाएंगे आप” – ममता का बीजेपी को संदेश

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि एसआईआर के बहाने उन्हें जानबूझकर टारगेट किया जा रहा है। बीजेपी पर सीधी चोट करते हुए उन्होंने कहा, “आप मुझे छू भी नहीं पाएंगे। हम आपका खेल समझते हैं। बंगाल आपके हाथ कभी नहीं लगेगा।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनावों में बीजेपी कमजोर साबित हुई और विपक्ष की रणनीति को समझने में असफल रही। ममता ने एसआईआर के विरोध में पूरे देश में यात्रा निकालने की घोषणा की।

“गुजरात भी हारेंगे आप” – ममता की कड़ी भविष्यवाणी

आगामी वर्ष में होने वाले पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और केरल चुनावों पर बात करते हुए ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया पर कई सवाल उठाए। उन्होंने बिहार की महिला मतदाताओं को चुनाव से पहले 10,000 रुपये देने की एनडीए सरकार की घोषणा पर भी कटाक्ष किया।

ममता बनर्जी ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा, “मैं भविष्यवाणी कर रही हूं… बीजेपी गुजरात में भी हार जाएगी। बंगाल जीतने की कोशिश में वे अपना गढ़ खो देंगे।”

एसआईआर को लेकर अब राजनीतिक तापमान और बढ़ने की संभावना है, क्योंकि ममता बनर्जी ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का संकेत दे दिया है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD