HAJIPUR : भारतीय रेलवे अब डिजिटल सफर को न केवल आसान, बल्कि सस्ता भी बना रही है। पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने यात्रियों को तोहफा देते हुए ‘रेलवन (RailOne)’ ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3% डिस्काउंट देने की घोषणा की है। यह योजना 14 जनवरी से शुरू हो चुकी है और 04 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी।

डिजिटल पेमेंट कीजिए और पैसे बचाइए
खास बात यह है कि यात्रियों को यह छूट किसी भी डिजिटल माध्यम जैसे UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से भुगतान करने पर तुरंत मिलेगी। अगर आप रेलवन ऐप के R-wallet का उपयोग करते हैं, तो आपको 3% कैशबैक बोनस पहले की तरह मिलता रहेगा। यानी अब हर हाल में यात्रियों की बचत तय है।

मात्र 6 दिनों में 2 लाख यात्रियों ने उठाया लाभ
डिजिटल टिकटिंग के प्रति लोगों का उत्साह इसी बात से देखा जा सकता है कि 14 जनवरी से अब तक 02 लाख से अधिक यात्री इस ऐप के जरिए टिकट बुक कर चुके हैं। इससे रेलवे को 20 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।

एक ऐप और ढेरों सुविधाएं
रेलवन ऐप केवल टिकट बुकिंग तक सीमित नहीं है। यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर ये सुविधाएं भी मिल रही हैं:
आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग
ट्रेन की लाइव लोकेशन और PNR स्टेटस की जानकारी

कोच पोजीशन और ऑनलाइन भोजन की बुकिंग
शिकायत दर्ज करने और पार्सल ट्रैकिंग की सुविधा
रेलवे का यह कदम नकद लेनदेन को कम करने और स्टेशनों पर लगने वाली लंबी कतारों से यात्रियों को निजात दिलाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।









