भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) स्पॉन्सर तय कर लिया है। आईपीएल 2026 से पहले बीसीसीआई ने गूगल के एआई प्लेटफॉर्म जेमिनी के साथ अहम समझौता किया है। यह डील करीब 270 करोड़ रुपये की बताई जा रही है, जो अगले तीन साल के लिए लागू रहेगी। इसके तहत गूगल जेमिनी आने वाले सीजन से आईपीएल का आधिकारिक एआई स्पॉन्सर होगा।

दिलचस्प बात यह है कि गूगल जेमिनी की प्रतिस्पर्धी कंपनी चैटजीपीटी पहले से ही वीमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के प्रायोजकों में शामिल है। इसी कड़ी में अब गूगल ने भी आईपीएल के जरिए भारतीय क्रिकेट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस करार की पुष्टि करते हुए कहा कि यह समझौता तीन वर्षों के लिए किया गया है और यह आईपीएल की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाता है।

STORY | BCCI bags Rs 270 crore AI sponsorship deal for IPL
The BCCI has secured a lucrative Rs 270 crore sponsorship deal from Google's AI platform Gemini ahead of the 2026 Indian Premier League (IPL).
READ: https://t.co/Kp1t0J8KNj pic.twitter.com/pTD4ibF2Mi
— Press Trust of India (@PTI_News) January 20, 2026
बीसीसीआई को पिछले साल जर्सी स्पॉन्सर के मामले में बदलाव करना पड़ा था, जब केंद्र सरकार ने ड्रीम 11 जैसे रियल मनी गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगाया। इसके बाद बोर्ड ने अपोलो टायर्स के साथ 579 करोड़ रुपये का करार किया, जिसके तहत अपोलो टायर्स भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी का नया प्रायोजक बना। वहीं, आईपीएल के टाइटल स्पॉन्सरशिप अधिकार अभी भी टाटा समूह के पास हैं।


आईपीएल 2026 का ऑक्शन पूरा हो चुका है। यह टूर्नामेंट 26 मार्च से शुरू होकर 31 मई तक चलेगा। दो महीने से अधिक समय तक क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पहली बार खिताब अपने नाम किया था। अब मौजूदा टीमों में केवल दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स ही ऐसी टीमें हैं, जो अब तक आईपीएल ट्रॉफी जीतने से वंचित रही हैं।









