पटना, 08 मार्च 2026। मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने 542 करोड़ रुपये की लागत से Bihar Museum और Patna Museum को जोड़ने वाली सुरंग परियोजना का शिलापट्ट अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। मुख्यमंत्री ने मशीन का बटन दबाकर कार्यारंभ किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए।

नेहरू पथ के समीप हड़ताली मोड़ स्थित निर्माणाधीन म्यूज़ियम सब-वे टनल के कार्यारंभ के दौरान अधिकारियों ने सुरंग निर्माण की प्रक्रिया और निर्धारित समय सीमा के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से दोनों संग्रहालयों में लगे प्रदर्शों को देखने के लिए लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सुरंग निर्माण के दौरान नेहरू पथ पर यातायात प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय का निरीक्षण किया। इस दौरान संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने नए प्रदर्शों, पर्यटकों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय के सामने पुनर्विकसित किए जा रहे 60 आवास और ऑफिसर्स हॉस्टल कैंपस तथा पार्क के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से बताया कि यहां बहुमंजिला भवन का निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें सोलर पार्किंग शेड, ओपन पार्किंग, क्लब हाउस सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस परियोजना को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि पुराने ढांचे को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला इमारत बनने से आवासन व्यवस्था बेहतर होगी और इसके पास विकसित होने वाला पार्क संग्रहालय आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने सुरंग के पटना संग्रहालय वाले छोर का भी स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री Vijay Kumar Sinha, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, कला संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश परासर, जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD