मुजफ्फरपुर। गर्मी की शुरुआत के साथ बढ़ते मच्छरों के खतरे को देखते हुए नगर निगम ने फॉगिंग अभियान को तेज करने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि शहर के सभी वार्डों में दो-दो दिनों के अंतराल पर फॉगिंग कराई जाएगी। साथ ही रोजाना खुले नालों और पानी जमा होने वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा, ताकि मच्छरों के पनपने पर रोक लगाई जा सके।

मंगलवार को निगम के अंचल दो, तीन और आठ के अंतर्गत आने वाले कई वार्डों में फॉगिंग अभियान चलाया गया। सिटी मैनेजर रीतेश कुमार ने बताया कि तय रोस्टर के अनुसार वार्ड स्तर पर फॉगिंग की व्यवस्था की जा रही है और इसकी नियमित निगरानी भी की जा रही है।

हालांकि संसाधनों की कमी के कारण हर दिन सभी वार्डों में फॉगिंग कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है। नगर निगम क्षेत्र में कुल 49 वार्ड हैं, लेकिन फिलहाल निगम के पास केवल 25 हैंड फॉगिंग मशीनें ही उपलब्ध हैं। इन्हीं मशीनों के सहारे कर्मी पैदल, साइकिल या बाइक के माध्यम से अलग-अलग इलाकों में फॉगिंग कर रहे हैं।

निगम के पास अभी वाहन से चलने वाली बड़ी फॉगिंग मशीन नहीं है। हालांकि इस कमी को दूर करने के लिए निगम प्रशासन ने दो वाहनयुक्त फॉगिंग मशीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि नई मशीनें आने के बाद फॉगिंग अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से चलाया जा सकेगा।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD