मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी को आगे बढ़ाने के लिए आज आयोजित बोर्ड बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग विनय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर में पर्यटन विकास और स्वच्छता से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में सिकंदरपुर लेकफ्रंट के किनारे पीपीपी मॉडल पर अम्यूजमेंट पार्क विकसित करने की अनुमति दी गई। अम्यूजमेंट पार्क बनने से शहर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और नागरिकों को आधुनिक मनोरंजन सुविधा उपलब्ध होगी। यह परियोजना लेकफ्रंट क्षेत्र को नए आकर्षण के रूप में विकसित करेगी।

इसके साथ ही सिटीज 2.0 के तहत पीएमसी (प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट) की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। इस पहल से शहर को सॉलिड वेस्ट फ्री बनाने, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन प्रणाली लागू करने और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी के प्रबंध निदेशक ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि सिकंदरपुर लेकफ्रंट पर अम्यूजमेंट पार्क विकसित होने से शहर को नया पहचान मिलेगी और नागरिकों को बेहतर मनोरंजन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सिटीज 2.0 के तहत पीएमसी की नियुक्ति से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत किया जाएगा तथा मुजफ्फरपुर को स्वच्छ और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।












