मुजफ्फरपुर । शहर में युवाओं, और छोटे कारोबारियों के लिए नई सुविधा विकसित करने की दिशा में नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने एमआईटी कॉलेज के समीप कियोस्क आधारित स्ट्रीट मार्केट के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस क्षेत्र को व्यवस्थित स्ट्रीट मार्केट के रूप में विकसित किया जाए, जहाँ छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडरों को नियोजित स्थान उपलब्ध कराया जा सके।

नगर आयुक्त ने कहा कि एमआईटी कॉलेज के आसपास छात्रों और स्थानीय लोगों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में यहाँ कियोस्क आधारित स्ट्रीट मार्केट विकसित होने से क्षेत्र में न केवल सुविधाएँ बढ़ेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इस परियोजना के तहत मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा आधुनिक कियोस्क लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप दिया जा सकेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कियोस्क आधारित स्ट्रीट मार्केट के लिए जल्द विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर कार्य प्रारंभ किया जाए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सिकंदरपुर लेकफ्रंट के समीप प्रस्तावित अम्यूज़मेंट पार्क के लिए चिन्हित स्थल का भी जायज़ा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि अम्यूज़मेंट पार्क को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाए और इसके लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि अम्यूज़मेंट पार्क विकसित होने से शहरवासियों को आधुनिक मनोरंजन की सुविधा मिलेगी और यह नया आकर्षण केंद्र बनेगा।

इसके साथ ही नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने सिकंदरपुर स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और स्टेडियम का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी टीम से सीनियर मैनेजर प्रेम देव शर्मा, मैनेजर (टेक्निकल) शशांक झा तथा पब्लिक एंगेजमेंट ऑफिसर कौशल कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नगर आयुक्त को प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD