उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी समारोह में बज रहे तेज डीजे की आवाज कथित तौर पर पोल्ट्री फार्म के लिए घातक साबित हुई। जानकारी के अनुसार, तेज ध्वनि के कारण फार्म में मौजूद बड़ी संख्या में मुर्गियां डर और घबराहट का शिकार हो गईं, जिससे 140 मुर्गियों की मौत हो गई।

यह घटना 25 अप्रैल को बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में हुई। गांव निवासी बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की शादी थी, जिसमें कुड़वार थाना क्षेत्र के रामभद्र पुरवा से बारात आई थी। बारात के साथ बज रहा तेज डीजे जब गांव से गुजर रहा था, तभी वह स्थानीय निवासी साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के पास से निकला।

साबिर अली का आरोप है कि डीजे की अत्यधिक तेज आवाज से मुर्गियां बुरी तरह सहम गईं और अफरा-तफरी में उनकी जान चली गई। घटना के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Input : Aaj Tak












