मुजफ्फरपुर: बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं खान-भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी रविवार सुबह बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर में महंत अभिषेक पाठक और संत अमरनाथ की मौजूदगी में पूजा संपन्न हुई। मंत्री ने बिहार और बिहारवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि बाबा गरीबनाथ की कृपा से उन्हें मंत्री बनने का अवसर मिला है, इसलिए पदभार संभालने के बाद सबसे पहले वे बाबा गरीबनाथ का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।

इस दौरान उन्होंने फूहड़ और अश्लील गानों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बिहार में अश्लीलता फैलाने वाले गाने बनाने और बजाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खासकर महिलाओं और बेटियों को देखकर अभद्र एवं अशोभनीय गाने गाने-बजाने वालों पर विभाग विशेष निगरानी रख रहा है और जल्द कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

खनन माफियाओं को चेतावनी देते हुए मंत्री ने कहा कि अवैध खनन करने वाले सावधान हो जाएं। यदि कोई अवैध तरीके से खनन करता पाया गया तो न पैसा काम आएगा और न पैरवी। ऐसे लोगों को सीधे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर काम करने वालों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी, लेकिन नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई तय है।

मौके पर भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार, जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता अरविंद कुमार, मुकेश चंद्रवंशी, विकास कुमार, विक्की मालाकार, गोलू माली और शंभू मोहन समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD