मुजफ्फरपुर। भगवान शिव की आराधना का पवित्र महीना श्रावण 30 जुलाई से प्रारंभ होगा। इसका समापन 28 अगस्त को पूर्णिमा तिथि के दिन होगा। इसी दिन रक्षा बंधन का पर्व भी मनाया जाएगा। श्रावण मास को लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

बाबा गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक ने बताया कि इस वर्ष सावन में कुल चार सोमवारी पड़ रही है। श्रद्धालुओं को चारों सोमवार के दिन जलाभिषेक करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष दूसरी और तीसरी सोमवारी पर मंदिर में सबसे अधिक भीड़ उमड़ती है, लेकिन इस बार चारों सोमवारी पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और सेवादल जल्द ही तैयारी बैठक आयोजित करेगा। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन के साथ चर्चा की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।













