मुजफ्फरपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 2 जून को मुजफ्फरपुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री मोतीपुर प्रखंड की परसौनी नाथ पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोसाईंपुर परिसर में आयोजित विशेष सहयोग शिविर का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉलों का अवलोकन करने के साथ-साथ आम लोगों से भी संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। सहयोग शिविर में कुल 12 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और सरल तरीके से उपलब्ध कराया जा सके।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने दौरे के दौरान जिले के विकास से जुड़ी कुल 109 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं की कुल लागत 288.16 करोड़ रुपये बताई गई है। इनमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पेयजल, आधारभूत संरचना एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। कार्यक्रम स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, सतर्कता बरतने तथा सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास योजनाओं की समीक्षा, जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल को अंतिम रूप दिया जा चुका है तथा जिले के विभिन्न हिस्सों से लोगों के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD