मूज़फ्फरपुर, 5 जून 2026: मूज़फ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुई भीषण आगलगी की घटना में घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कुढ़नी प्रखंड के बाघी चौक, पकाही निवासी वृजनंदन राय के रूप में हुई है। उनकी मौत के बाद इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है।

जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना में वृजनंदन राय गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस दुखद घटना के बाद जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत मृतक की पत्नी ललिता देवी को चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा यह राशि उपलब्ध कराई गई।

जिलाधिकारी ने वृजनंदन राय के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

गौरतलब है कि प्रसाद हॉस्पिटल में हुई आगलगी की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। हादसे के बाद से प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मृतकों की संख्या बढ़कर छह होने के बाद इस मामले की गंभीरता और बढ़ गई है, जबकि घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है।












