मुजफ्फरपुर जिले में केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती), बिहार, पटना द्वारा आयोजित विभिन्न पदों की लिखित परीक्षा 14 जून एवं 17 जून को दो पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा का आयोजन जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।

यह परीक्षा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मद्य निषेध सिपाही, गृह विभाग (कारा) के अंतर्गत कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय के कक्षपाल तथा परिवहन विभाग के चलंत दस्ता सिपाही पदों के लिए आयोजित की जा रही है।
प्रथम पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे तक रिपोर्ट करना होगा, जबकि द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों का रिपोर्टिंग समय दोपहर 1 बजे निर्धारित किया गया है।

परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। समाहरणालय सभागार में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान डीएम एवं एसएसपी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन अथवा किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा की निगरानी के लिए वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी एवं नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी परीक्षा संचालन के साथ-साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के सफल संचालन एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता (राजस्व) को सौंपी गई है।













