मुजफ्फरपुर। जिले के औराई थाना की थानाध्यक्ष पु०अ०नि० हेमलता कुमारी को गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पूर्वी-01, मुजफ्फरपुर द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर ने की है।

जांच प्रतिवेदन में सामने आया कि औराई थाना क्षेत्र के विभिन्न मामलों में समय पर विधिसम्मत कार्रवाई नहीं की गई। एक मामले में बिना प्राथमिकी दर्ज किए दो व्यक्तियों को लंबे समय तक थाना पर बैठाकर रखा गया, जबकि प्रकरण में तत्काल कानूनी कार्रवाई अपेक्षित थी। इसके अलावा कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज करने और अनुसंधान की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब पाया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि कई मामलों में आवश्यक सनहा दर्ज नहीं किए गए तथा अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने में भी गंभीर त्रुटियां बरती गईं। प्रतिवेदन और उपलब्ध अभिलेखों के अवलोकन के बाद संबंधित पदाधिकारी पर अनुसंधान कार्य में लापरवाही, मनमानेपन, कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों को भ्रमित करने जैसी गंभीर अनियमितताओं के आरोप प्रमाणित पाए गए।

इन अनियमितताओं से पुलिस की कार्यप्रणाली और विभागीय छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कहते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर ने पु०अ०नि० हेमलता कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD