पटना, 10 जुलाई 2026: बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को और अधिक पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हर महीने की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।

हस्तांतरित राशि में राज्य सरकार की तीनों सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के जून 2026 की पेंशन तथा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) की तीनों योजनाओं के मई और जून 2026 की पेंशन शामिल है। कार्यक्रम में सभी जिलों के जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को सभी पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह व्यवस्था पूरी तरह समयबद्ध और शत-प्रतिशत सुनिश्चित हो, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को पेंशन मिलने में देरी न हो।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज के गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग, विधवा और अन्य जरूरतमंद नागरिकों को सम्मानजनक जीवन और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये प्रति माह किए जाने से लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर और पंचायत विकास दिवस जैसे कार्यक्रमों के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित न रहे। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर नए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही जिन लाभार्थियों का आधार बैंक खाते से लिंक नहीं है, उनका आधार जल्द से जल्द लिंक कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। तकनीक आधारित और पारदर्शी व्यवस्था के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे और किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा निदेशक डॉ. प्रीति ने मुख्यमंत्री का स्वागत हरित पौधा भेंट कर किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, सचिव लोकेश कुमार सिंह, सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि और लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।











