मुजफ्फरपुर: बिहार में शहरी विकास को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नगर विकास एवं आवास विभाग, बुडको तथा मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

नगर विकास एवं आवास विभाग राज्य में नियोजित एवं आधुनिक शहरी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य भविष्य के लिए आधुनिक, सुव्यवस्थित और सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त शहरों का निर्माण करना है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत करीब 1,046 करोड़ रुपये की लागत से 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं के माध्यम से राज्य के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाला, जल निकासी, आधारभूत संरचना और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से बिहार के शहरों में आधुनिक शहरी सुविधाओं का विकास होगा, आवागमन बेहतर बनेगा, ड्रेनेज व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को अधिक सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण जीवन-स्तर उपलब्ध हो सकेगा।
इन विकास परियोजनाओं को “विकसित भारत – समृद्ध बिहार” के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













