पटना, 22 जुलाई: बिहार सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल (जिला अस्पताल) के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जिला औषधि भंडार गृह सहित कई नई स्वास्थ्य सुविधाओं का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए आईसीयू बेड, 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (IMCU) बेड और 24×7 आपातकालीन सेवाओं की शुरुआत की। साथ ही सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पीपीपी मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत 11 हब लैब और 221 स्पोक लैब को जोड़ा गया है, जिससे मरीजों को समय पर आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके अलावा राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सेवा भी शुरू की गई। पीएचएच और आयुष्मान कार्डधारकों को यह सुविधा मुफ्त मिलेगी, जबकि अन्य पात्र मरीजों को रियायती दर पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
अस्पताल का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों को सभी आवश्यक उपचार सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएं ताकि अनावश्यक रेफरल की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने ऑर्थोपेडिक विभाग को विशेष पहचान दिलाने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य जिला और अनुमंडल स्तर तक आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सुविधाओं से लाखों मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा और बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।













