गुरुवार को मोकामा विधायक अनंत सिंह के दुश्मनों का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमे दो व्यक्ति दो AK-47 लहराते हुए दिखाई दे रहे है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो अनंत सिंह के सबसे बड़े दुश्मन विवेका पहलवान के घर का है. इस वीडियो के वायरल होने के बाद हंगामा मच गया और आनन फानन में पुलिस ने अनंत सिंह के दुश्मन विवेका पहलवान के घर पर छापेमारी शुरू कर दी है. इसी बीच अब एक नया वीडियो सामने आया है.
वायरल वीडियो में AK-47 लहराने वाले युवक का एक ताजा वीडियो सामने आया है, जिसमे उसने इस बात को लेकर कहा है कि ये उसे फंसाने के लिए किया गया है. वीडियो में आरोपी युवक ने कहा है कि विवेका पहलवान तो उसे जानते भी नहीं है. इसके अलावा उसने AK-47 को प्लास्टिक का बताया है. उसने कहा कि एक तरफ बाढ़ में AK-47 को लेकर तूफ़ान मचा हुआ है तो ये कैसे संभव है कि हम लोग AK-47 लेकर फोटो खिचवायेंगे.

आरोपी युवक ने वीडियो जारी करके ये कहा है कि उसने लोकसभा चुनाव में विधायक अनंत सिंह का सपोर्ट नहीं किया था, इसके लिए उसे फंसाया जा रहा है. उसने कहा कि वीडियो आधा अधूरा दिखाया जा रहा है. अगर पूरा वीडियो दिखाया जाता तो ये समझ में आ जाता कि AK-47 प्लास्टिक का है.

गौरतलब है कि गुरुवार की शाम को एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा जिसमे अनंत सिंह के दुश्मन विवेका पहलवान के गुर्गे दो एके—47 लहराते हुए दिखे हैं. वो दोनों ही फुलेलपुर के रहने वाले हैं. पुलिस की टीम इनके घर को खंगाल रही है. सोर्स की मानें तो वीडियो में दिखने वाले दोनों लोगों की पहचान चंद घंटों की जांच में ही हो गई है. दोनों ही लोग बेउर जेल में कैद बाहुबली विधायक अनंत सिंह के सबसे बड़े दुश्मन विवेका पहलवान के गुर्गे बताए जा रहे हैं.

इस मामले को लेकर एएसपी लिपि सिंह ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करने का आदेश बाढ़ के थानेदार संजीत कुमार को दिया है. एएसपी का आदेश मिलते ही पुलिस की टीम ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी. एक साथ बाढ़ में दो अलग—अलग जगहों पर छापेमारी चल रही है. एक छापेमारी नदवां में विवेका पहलवान के घर पर चल रही है. जबकि दूसरी छापेमारी बाढ़ के ही फुलेलपुर में चल रही है.
Input : Live Cities

