वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए पूरे देश में लॉकडाउन है। सभी लोग अपने घरों में कैद है। कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों में कई भ्रंतियां भी सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से यह अफवाह फैली है कि मांस-मछली खाने से कोरोना का संक्रमण फैलता है। इसके बाद लोग मांस-मछली खाने से परहेज करने लगे हैं, जिसका कोरोना वायरस से कोई प्रमाणिक वास्ता नहीं है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी अपनी किसी रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि नहीं की है कि नॉन वेज सेवन से कोरोना का संक्रमण होता है। आपको फैक्ट चेक करने की जरूरत है।

कोरोना वायरस भले ही घातक है, मगर इसके बचाव और सावधानियां बरतने से इसके संक्रमण से बचा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कई ऐसे पोस्ट सामने आए हैं, जिनमें दावा किया गया है कि बकरे की मीट में कोरोना वायरस पाया गया है। अंडा, चिकन और मछली खाने से कोरोना वायरस फैलता है। विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन और भारतीय खाद्य सुरक्षा नियामक (एफएसएसएआई) की रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि पशुओं से मानव में कोरोना वायरस नहीं फैलता है। डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ शैली गोखले ने कहा कि मांस मछली में प्रचूर मात्रा में प्रोटीन उपलब्ध रहता है। इससे प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है।
इन बातों का रखें ख्याल
- यदि घर से बाहर निकलना पड़े तब लोगों से 1 मीटर की दूरी जरूर बनाएं।
- घर आने के बाद हाथों को 20 सेकंड तक पानी एवं साबुन से धोएं।
- बाहर में किसी भी चीज को छूने से परहेज करें।
- लॉकडाउन के नियमों के सख्ती से पालन करें।
पीआईबी के फैक्ट चेक में खुलासा
पीआईबी(प्रेस इनफार्मेशन ब्यूरो) ने अपने फैक्ट चेक में पाया है कि मटन खाने से कोरोना वायरस नहीं फैलता है। पीआईबी ने यह भी स्पष्ट किया है कि मच्छरों के काटने से भी कोरोना वायरस नहीं फैलता है। पीआईबी ने कोरोना वायरस पर कुछ सही जानकारी साझा किया है, जिसे हम सबको समझने की जरूरत है। ताकि कोरोना वायरस पर पैनिक होने की बजाय हम इसके सही बचाव पर ध्यान देकर इससे संक्रमित होने से बच सकते हैं।
चिकेन मटन से कोई खतरा नहीं
बहुत से ऐसे लोग हैं जिन्होंने अपने दैनिक जीवन में चिकन, मटन,मछली और अंडा को शामिल कर रखा है। उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। चिकन, मटन, मछली और अंडा खाने से कोरोना वायरस फैलने का कोई खतरा नहीं है। यह महज एक अफवाह है। जांच के बाद सरकार ने भी इसे स्पष्ट कर दिया है कि इन सभी चीजों में कोरोना वायरस नहीं है।
Input : Dainik Bhaskar






—

