जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद सीआरपीएफ जवान संतोष मिश्रा का पार्थिव शरीर बुधवार की सुबह विशेष विमान से गया एयरपोर्ट लाया गया। यहां राजकीय सम्मान के साथ उन्हें सलामी दी गई। शहीद जवान को तमाम अधिकारियों ने यहां श्रद्धांजलि दी।

तिरंगे से लिपटे शहीद का पार्थिव शरीर गया एयरपोर्ट पहुंचते ही वहां मौजूद अधिकारियों और जवानों की आंखे नम हो गईं। एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद शहीद के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग के द्वारा औरंगाबाद गोह थाना के देवहरा उनके पैतृक गांव ले जाया गया। यहां अंतिम संस्कार होगा।
सीआरपीएफ के आईजी राजकुमार ने कहा कि शहीद संतोष कुमार मिश्रा सीआरपीएफ 92 बटालियन के सिपाही के पद पर जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में तैनात थे। पेट्रोलिंग के दौरान आतंकियों ने हमला कर दिया था। इसमें सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद हो गए थे। उसमें एक औरंगाबाद जिला के देवहरा निवासी संतोष कुमार मिश्रा भी थे। 2017 में 205 कोबरा गया में पोस्टिंग थी।
बिहार सेक्टर के सीआरपीएफ के आईजी राजकुमार, डीआईजी संजय कुमार, गया जिले के डीएम अभिषेक सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा, सीआरपीएफ कमांडेंट डॉ निशित कुमार, कोबरा बटालियन के कमांडेंट दिलीप श्रीवास्तव, एसएसबी के कमांडेंट राजेश कुमार सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी सोहन सिंह, अवधेश कुमार, सशस्त्र सीमा बल द्वितीय कमान अधिकारी एके वरूण, डिप्टी कमांडेंट मोतीलाल, डिप्टी कमांडेंट अंबर घोष,एसी डॉ. अभिनव कुमार वर्मा के अलावा एयरपोर्ट डायरेक्टर दिलीप कुमार, एयरपोर्ट मुख्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत कुमार सिंह व सीआईएसएफ इंस्पेक्टर पीयूष कुमार उनके पार्थिव शरीर पर फ्लावर रिंग अर्पित कर पुष्पांजलि दी।
Input : Live Hindustan







