मोतिहारी । थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को अचानक कुछ ऐसी स्थिति बन गई जब लोगों को फिल्म शोले का वह ²श्य अनायास ही याद आ गया, जिसमें नायिका बसंती को पाने के लिए नायक वीरू पानी टंकी पर चढ़ गया था। इसी तर्ज पर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और प्रेम का इजहार करने लगा। दरअसल, रविवार की सुबह वह अपनी प्रेमिका से मिलने आ पहुंचा। मगर प्रेमिका के परिवार वालों ने उसे मिलने नहीं दिया। इसके बाद वह युवक मोबाइल टावर पर चढ़ कर प्यार का इजहार करने लगा। करीब तीन घंटे तक टावर पर चढ़े इस युवक को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। इसकी सूचना पुलिस को भी मिली। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। चौकीदार रंजन कुमार एवं सैप के जवानों ने काफी कोशिश के बाद प्रेमी को टावर से नीचे उतरा। वहां मौजूद दारोगा विक्रमा सिंह युवक को लेकर थाना पहुंचे। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तरावा जहुरा निवासी अर्जुन कुमार अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। जब लड़की और उसके स्वजनों ने उसे वहां से खदेड़ दिया तब उस लड़के ने यह तमाशा खड़ा कर दिया।




