प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लद्दाख में हमारे वीरों ने जो बलिदान दिया है, ये पराक्रम बिहार रेजीमेंट का है. हर बिहारी को इसका गर्व होता है. जिन सैनिकों ने अपना बलिदान दिया है, उन्हें मैं श्रद्धांजलि देता हूं. मैं शहीदों के परिवार को विश्वास दिलाता हूं कि देश आपके साथ है.

प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण योजना को लॉन्च करने के दौरान यह बात कही. पीएम मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस अभियान की शुरुआत की. यह अभियान बिहार के खगड़िया जिले के ग्राम-तेलिहार, ब्लॉक- बेलदौर से लॉन्च किया गया. इसी दौरान पीएम ने कहा कि लद्दाख में हमारे वीरों ने जो बलिदान दिया है, मैं गौरव के साथ इस बात का जिक्र करना चाहूंगा कि ये पराक्रम बिहार रेजीमेंट का है, हर बिहारी को इसका गर्व होता है. जिन सैनिकों ने अपना बलिदान दिया है उन्हें मैं श्रद्धांजलि देता हूं.

असल में, गलवान में चीन की धोखेबाजी का शिकार हुए शहीद जवानों में 16 बिहार रेजिमेंट के सिपाही अमन कुमार सिंह भी शामिल थे. अमन कुमार सिंह समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड स्थित सुल्तानपुर पूरब गांव के रहने वाले थे. शहीद होने वाले कर्नल संतोष बाबू भी बिहार रेजीमेंट के थे. इनके अलावा शहीद होने वालों में भोजपुर के चंदन कुमार, सहरसा के कुंदन कुमार, वैशाली के जयकिशोर सिंह, पटना के सुनील कुमार शामिल थे.

लद्दाख बॉर्डर के पास गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ संघर्ष के दौरान भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे. करीब चार दशक के बाद चीनी बॉर्डर पर किसी जवानों की जान गई है और इस घटना से पूरे देश में गुस्सा है.

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD