लोगों की लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण पटना जिले में तेजी से कोरोना का संक्रमण बढ़ा है। मात्र आठ दिनों में जिले में संक्रमितों की संख्या दोगुनी से ज्यादा हो गई। नौ जुलाई को जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 1506 थी। वहीं, 16 जुलाई को यह संख्या बढ़कर 3125 हो गई। इन आठ दिनों में 1619 नए संक्रमित मिले।

जिले में 10 जुलाई को 382, 11 को 250, 12 को 158 समेत कुल संख्या 2305 थी। इसके बाद सिविल सर्जन की टीम ने आंकड़े में संशोधन कर सूची से 310 संक्रमितों को हटा दिया। कहा गया कि इसमें बाहरी जिले के लोगों को भी शामिल कर लिया गया था। तब संख्या 1995 बताई गई। इसके बाद 13 को 228 और 14 को 162 संक्रमित मिले। 15 जुलाई को 194 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तब संक्रमितों की संख्या 2475 पर पहुंच गई।

16 जुलाई को आरएमआरआई और पीएमसीएच के अलावा कई अस्पातालों में ढाई हजार के लगभग सैंपलों की जांच की गई। उनमें 650 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इससे संक्रमितों की संख्या 3125 तक पहुंच गई। इसमें स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या आधे से ज्यादा है। सिविल सर्जन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 32 लोगों की मौत पटना में हो चुकी है।

बिहार में तेजी से फैल रहा कोरोना का संक्रमण, केंद्र से आज आएगी टीम 
बिहार में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। शुक्रवार को राज्य में रिकॉर्ड 1742 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 23 हजार को पार कर गई है। शुक्रवार को जारी हुई स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार में नए संक्रमण के मामले में यह अबतक की सर्वाधिक संख्या है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के नेतृत्व में बिहार में कोरोना से उत्पन्न हालात की जानकारी लेने के लिए एक उच्च स्तरीय टीम रविवार को बिहार आएगी।

Input : Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD