देश के कई हिस्‍सों में मॉनसून (Monsoon 2020) के कारण तेज बारिश हो रही है. साथ ही कई ऐसे भी हिस्‍से हैं, जहां बाढ़ से हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं. बिहार (Bihar) के सात जिलों में बिजली गिरने (Lightening) से रविवार को 10 लोगों की मौत हो गई. वहीं दिल्‍ली में वर्षाजनित हादसों में चार लोगों की मौत हो गई. यहां भारी बारिश (Heavy Rain) के कारण कई झुग्गियां ढह गईं और निचले इलाकों में पानी भर गया. असम में भी बाढ़ (Assam Floods) से हालात सबसे ज्‍यादा चिंताजनक बन गए हैं. वहां 110 लोगों की मौत हुई है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने फोन पर असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ बाढ़ संबंधी हालात को लेकर चर्चा की. उन्होंने असम में बाढ़ के कारण पैदा हुए हालात से निपटने के लिए रविवार को राज्य को हरसंभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया. सोनोवाल ने ट्वीट किया, ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आज सुबह फोन पर बातचीत करके असम में बाढ़, कोविड-19 संबंधी हालात और बागजान तेल कुएं में आग संबंधी स्थिति की जानकारी ली.’ उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने राज्य के प्रति चिंता एवं लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की और हर संभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया.’

असम में इस वर्ष बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 110 लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें से 84 लोगों की मौत बाढ़ संबंधी घटनाओं और 26 लोगों की मौत भूस्खलनों के कारण हुई. असम के 33 जिलों में से 24 जिलों में बाढ़ से 25 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और कई स्थानों पर मकान, फसलें, सड़क एवं पुल तबाह हो गए.

बिहार में रविवार को वज्रपात की चपेट में आने से पूर्णिया जिले में तीन, बेगूसराय में दो तथा पटना, सहरसा, पूर्वी चम्पारण, मधेपुरा एवं दरभंगा में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई. बीते तीन हफ्ते में बिजली गिरने के कारण राज्य में 160 से अधिक लोगों की मौत हो गई.

मौसम विभाग ने बुलेटिन में बताया कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिन में अच्छी बारिश के आसार हैं. विभाग ने बताया कि असम तथा मेघालय में अगले तीन दिन में तथा बिहार में अगले 24 घंटे में भारी बारिश हो सकती है.

Input : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD