पटना. केंद्र सरकार की तरफ से बिहार (Bihar) को कोरोना वायरस (Coronavirus)से निपटने में भरपूर मदद किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम के बिहार दौरे से वापस लौटने के बाद केंद्र की तरफ से इस पर अमल भी किया जा रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे (Ashwini Kumar Choubey) ने कहा है कि बिहार को 2500 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि इस कड़ी में 500 कंसंट्रेटर की पहली खेप एक-दो दिन में डिस्पैच होगी.

बिहार की स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी बेहतर

इससे बिहार के सुदूर इलाकों में बेहतर इलाज में मदद मिल पायेगी. गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपने बिहार दौरे के वक़्त स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था को लेकर असंतोष भी जाहिर किया था. इसी के बाद केंद्र सरकार अब बिहार को और सहायता देने जा रही है. कंसंट्रेटर मिलने के बाद अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में काफी मदद मिलेगी.

दरअसल, आक्सीजन कंसंट्रेटर अत्याधुनिक मशीन है, जिसमें ऑक्सीजन, हार्ट बीट के अलावा दूसरी चिकित्सीय जांच में आसानी होती है. भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को टेमासेक फाउंडेशन सिंगापुर ने इस अत्याधुनिक आक्सीजन कंसंट्रेटर को उपलब्ध कराया है. फाउंडेशन द्वारा 20 हजार आक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए जाएंगे.

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने कही ये बात

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने कहा है कि कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में केंद्र राज्य सरकारों की और सहायता करेगा. फ़िलहाल प्राथमिकता के आधार पर बिहार- झारखंड समेत उन राज्यों में जहां अधिक जरूरत है, इसे भेजने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र द्वारा बिहार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.संसाधनों की किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी. वहीं, बिहार में कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्‍या को देखते हुए एम्स (दिल्ली) द्वारा बिहार के डॉक्टरों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण देने का काम शुरू कर दिया गया है.

Input : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD