अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले में मुंबई में जांच कर रही पटना पुलिस के सहयोग के लिए यहां से एक आइपीएस अफसर को भी भेजा का सकता है। एफआइआर में जो आरोप लगे हैं, उनकी जांच कर रही पुलिस टीम को कई जानकारियां मिली हैं। इसको देखते हुए पटना के सीनियर अफसर और एक अन्य टीम को मुंबई भेजने की तैयारी है।

हालांकि अभी अफसर कुछ बोलने से बच रहे हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो रिया चक्रवर्ती तक पहुंचने के लिए पटना पुलिस अभी सभी आरोपों से जुड़े ठोस सुबूत मुंबई में जुटा रही है। सुबूत जुटाने के बाद पटना पुलिस रिया के गिरफ्तारी वारंट के लिए कोर्ट में अर्जी देगी। इसके बाद पटना पुलिस यहां से महिला इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मियों की टीम को मुंबई रवाना करेगी। फिलहाल पुलिस की मानें तो रिया और उनके परिवार के लोगों ने अपना ठिकाना बदल दिया है। सभी गिरफ्तारी के डर से कहीं और रह रहे हैं। पुलिस अपनी जांच में बैंक से जुड़े दस्तावेज को अहम मान रही है।





