बिहार में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,536 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही बिहार देश में ऐसा आठवां राज्य बन गया, जहां कोविड-19 महामारी के एक लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, शनिवार को 15 और मरीजों की मौत के बाद इस घातक वायरस से राज्य में अब तक 515 लोगों की जान जा चुकी है। इसके मुताबिक, संक्रमण के 3,536 नए मामलों के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,01,906 तक पहुंच गई। राज्य में पिछले 24 घंटे में 1.61 लाख नमूनों की जांच की गई। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या एक लाख से अधिक हो चुकी है।
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 25.26 लाख हुए
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के शनिवार को 65,002 नए मामले सामने आने के बाद देश में इस वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 25 लाख के पार हो गई। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 996 और लोगों की मौत हो जाने के कारण संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 49,036 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अब तक सामने आए संक्रमण के मामलों में से 18.08 लाख लोग स्वस्थ हो चुके हैं और लोगों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 71.61 प्रतिशत हो गई है। भारत में सात अगस्त से रोजाना 60,000 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। केवल 11 अगस्त को संक्रमण के 53,601 मामले सामने आए थे। शनिवार सुबह आठ बजे जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या बढ़कर 25,26,192 हो गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 996 और लोगों की मौत हो जाने के कारण मृतक संख्या बढ़कर 49,036 हो गई है। देश में संक्रमण से मृत्युदर गिरकर 1.94 प्रतिशत रह गई है।






