दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने बिहार पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि मुंबई पुलिस (Mumbai Police) और यूपी पुलिस जैसी नहीं है बिहार की पुलिस. यह मदद करना जानती है. यह बात एक केस से सिलसिले में बिहार आई दिल्ली पुलिस की टीम ने कही है. दरअसल बिहार पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को पकड़वाने में दिल्ली पुलिस की मदद की. बिहार पुलिस (Bihar Police) ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे दिल्ली पुलिस को सौंप भी दिया. पुलिस उसे लेकर दिल्ली रवाना हो गई.

बता दें कि दिल्ली के मंडावली थाना के पुलिस एसआई संजीत कुमार के नेतृव में तीन सदस्यीय टीम बीते दिनों पटना के फुलवारीशरीफ पहुंची थी. हत्या के मामले में आरोपी शैलेश कुमार सिंह को फुलवारीशरीफ के वृंदावन रोड नंबर दो से फुलवारीशरीफ पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया है. बताया जाता है कि शैलेंद्र कुमार सिंह दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर में रहते थे. प्राइवेट कंपनी में आईटी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करने वाले शैलेश की पत्नी ने 18 जून को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद से पूरा परिवार फरार चल रहा था. दिल्ली पुलिस इसी सिलसिले में आरोपी की तलाश कर रही थी.

दिल्ली पुलिस ने खोजबीन करते हुए उसके मोबाइल को ट्रेस किया और मोबाइल लोकेशन के आधार पर फुलवारीशरीफ पहुंची और शैलेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया. वहीं इस मामले में आरोपी शैलेश के माता और पिता के साथ बहन अभी फरार है और उनकी तलाश जारी है.

बताया जाता है कि चार वर्ष पूर्व गोमतिया झारखण्ड के रहनेवाली कंचन से शादी हुई थी और कंचन को हमेशा प्रताड़ित किया जाता था. अंत में हार कर 18 जून को उसने आत्महत्या कर ली थी. दिल्ली मंडावली पुलिस के एसआई संजीत कुमार ने बताया कि आत्महत्या के बाद से ही दिल्ली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. आज मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.

Input : News 18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD