जेडीयू ने एक बार फिर तब राजद को बड़ा झटका दे दिया जब तेघड़ा से आरजेडी विधायक विरेंद्र कुमार सिंह (RJD MLA Virendra Kumar Singh) को जेडीयू (JDU) में शामिल कर लिया. पार्टी कार्यालय में जेडीयू के सांसद ललन सिंह (JDU MP Lalan Singh) ने राजद विधायक को जेडीयू में शामिल करवाया. जेडीयू में शामिल होने के बाद राजद विधायक ने नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की जमकर तारीफ़ की और कहा कि उनके विकास से प्रभावित होकर जेडीयू में शामिल हुआ हूं. बता दें कि जेडीयू ने आरजेडी के अभी तक सात विधायकों और पांच एमएलसी को अपने पाले में कर लिया है. खबर यह भी है कि अभी कई और आरजेडी एमएलए जेडीयू के सम्पर्क में हैं.
इस मौके सांसद ललन सिंह ने कहा कि राजद में अब कोई दम नहीं है इसकी जानकारी पार्टी नेताओं को भी है. चुनाव में कहां पर रहेंगे तो फायदा होगा इसकी भी जानकारी उन्हें है. 2010 में जो स्थिति थी राजद की उससे भी खराब हालत होगी. 2015 में नीतीश कुमार के चेहरे की वजह से स्थिति बदली थी.
ललन सिंह ने कहा कि बजार में सबसे कम बिकता है, वो प्रोडक्ट राजद है. राजद वैसे ही विज्ञापन कर रही है. टिकट में नगद नारायण के लिए ऐसा किया जा रहा है. इसी बहाने कुछ धन बन जायेगा. परिणाम के बारे में राजद के नेता भी जानते हैं. राजद में कोई कहीं से भी आता है, टिकट ले लेता है. मुंबई और कोलकाता से आता है, टिकट पा जाता है. जनता मौका आने पर जवाब दे देती है.
बता दें कि जेडीयू संसदीय दल के नेता ललन सिंह ने इससे पहले शनिवार को कहा था कि राजद में भगदड़ मची है, बैरियर खोल देंगे, तो पार्टी खत्म हो जाएगी. राजद के तमाम नेता पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं कब कौन आएगा इसका इंतजार है.
गौरतलब है कि विधायक प्रेमा चौधरी, महेश्वर यादव, अशोक कुमार, चंद्रिका राय, फराज फातमी, जयवर्धन यादव जैसे कद्दावर चेहरे हैं जो आरजेडी से जेडीयू (RJD to JDU) में गए हैं. इससे पहले आरजेडी के ही पांच एमएलसी- दिलीप राय, राधा चरण सेठ, संजय प्रसाद, कमरे आलम और रणविजय सिंह ने भी पाला बदल जेडीयू का दामन थाम लिया था.
Input: News18






