पटना, बिहार : रैली की शुरूआत सभी पार्टियो ने लगभग – लगभग शुरू ही कर दी है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी वर्चुअल रैली के साथ चुनावी शंखनाद करने जा रहे है। वहीं सीटों को लेकर हर पार्टी अपनी दावेदारी पेश कर रही है। और सीटों के सवाल पर जनता दल यूनाइटेड के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है, कि बिहार में एनडीए पूरी तरह से एकजुट है और सीट बंटवारे पर फैसला भी जल्द हो जाएगा।

जीतन राम मांझी के जुड़ने से सीटों को लेकर लोजपा की परेशानी बढ़ती हुई दिख रही है। अध्यक्ष चिराग पासवान की नाराजगी और लोक जनशक्ति पार्टी की तरफ से 119 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए जाने के दावे पर जदयू ने चुप्पी साध रखी है। जदयू प्रवक्ता ने इस मसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि चिराग पासवान अपनी पार्टी की तैयारियों के बारे में कुछ बता सकते हैं, जनता दल यूनाइटेड इसके बारे में कोई टिप्पणी नहीं कर सकता। हालांकि संजय सिंह ने कहा है कि एनडीए में कोई कंफ्यूजन नहीं है। एलजेपी की तरफ से अलग चुनावी एजेंडे के सवाल पर जेडीयू प्रवक्ता ने कहा है कि सभी दलों को अपना-अपना मुद्दा तय करने का अधिकार है, लेकिन जदयू नीतीश कुमार की नीतियों के साथ ही आगे बढ़ेगा।

बीजेपी के विधान पार्षद संजय पासवान के उस बयान पर जेडीयू प्रवक्ता ने आपत्ति जताई है। एमएलसी संजय पासवान ने यह कहा था, कि जेडीयू और बीजेपी को बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए। बीजेपी एमएलसी ने कहा था कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने जनता दल यूनाइटेड के लिए अपनी सिटींग सीटें छोड़ दी थी। जदयू को इस बात का ख्याल रखना चाहिए। संजय पासवान के बयान को लेकर जदयू प्रवक्ता ने कहा है कि वह ऐसे नेताओं के बयान का नोटिस नहीं लेते हैं। बीजेपी में वही होता है जो आलाकमान तय करते हैं‌। संजय सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार की वर्चुअल रैली नया इतिहास रचने वाली है और रैली के बाद सबको इसकी हकीकत मालूम पड़ जाएगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD