पटना : वचरुअल रैली यानी निश्चय संवाद में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी योजनाओं के साथ-साथ अलग-अलग योजनाओं में केंद्र से मिल रहे सहयोग पर भी चर्चा की। उन्होंने अपने तीन घंटे के संबोधन में सबसे अधिक पंद्रह मिनट कोरोना पर बातें कीं। सात निश्चय से जुड़े कार्यक्रमों की तस्वीर पेश करते हुए अपने संकल्प को दोहराया। युवाओं से कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से ऋण लेकर पढ़ाई करें। ऋण नहीं चुकता करने की स्थिति में माफ भी कर देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या बिहार में सबसे अधिक 88.24 फीसद है। आरटी-पीसीआर जांच के लिए केंद्र से दस मशीनें और मिलने वाली हैं। राज्य सरकार दस मशीन खरीद भी रही है। केंद्र की मदद से बिहटा और मुजफ्फरपुर के पताही में 500-500 बेड का अस्पताल कोरोना मरीजों के लिए शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 14.71 करोड़ कार्यदिवस सृजित हुए हैं। प्रतिदिन दस लाख लोगों को काम मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के समय पहले लोगों को राहत नहीं मिलती थी। हमने एक-एक चीज का एसओपी बनाया। 2007 में हम बाढ़ के बाद जब दरभंगा गए तो वहां के लोगों ने हमें कुंटलिया बाबा कहना शुरू किया। उन लोगों को एक-एक क्विंटल अनाज मिला था। पहले अगर यह मिलता तो ऐसा क्यों कहते? बिजली सेक्टर की चर्चा करते हुए कहा कि तय लक्ष्य से पहले बिहार के हर घर में बिजली आ गई। एक समय यहां मात्र 700 मेगावाट बिजली उपलब्ध थी और मात्र 24 लाख उपभोक्ता। अब 161 लाख, 82 हजार उपभोक्ता हैं और बिजली की उपलब्धता भी बढ़ी है।

सूबे के हर कोने के विकास को ले सीएम संकल्पित: संजय झा
राज्य ब्यूरो, पटना : मुख्यमंत्री की वचरुअल रैली में जल संसाधन मंत्री संजय झा का भी संबोधन हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के हर कोने के विकास को लेकर संकल्पित हैं। पटना के बाद जब दूसरे एम्स और दूसरे बड़े एयरपोर्ट का प्रस्ताव आया तो नीतीश कुमार के दिमाग में उत्तर बिहार का विकास था।

अभूतपूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं लालू : बिजेंद्र प्रसाद यादव
राज्य ब्यूरो, पटना : वचरुअल रैली में ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि लालू प्रसाद बिहार के अभूतपूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं। बिहार के वह पहले मुख्यमंत्री हैं जो सीएम रहते हुए जेल गए। उनके शासनकाल में न तो बिहार में शिक्षा पर कोई काम हुआ और न ही आधारभूत संरचना के क्षेत्र में।
हाथ पकड़कर चलना सिखाया और आज सवाल पूछ रहे: ललन
राज्य ब्यूरो, पटना : वचरुअल रैली में लोकसभा में संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि युवराज (तेजस्वी) को नीतीश कुमार ने हाथ पकड़ कर चलना सिखाया आज वह सवाल पूछ रहे हैं। सवाल पूछने के बजाए तेजस्वी यादव को यह बताना चाहिए कि नाबालिग रहते हुए वे हजारों करोड़ के मालिक कैसे हो गए?
आने वाला समय और चुनौतीपूर्ण पूरी तैयारी रखें : नीतीश
राज्य ब्यूरो, पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड-19 की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाला समय और चुनौतीपूर्ण है। इसे लेकर पूरी तैयारी रखें। उन्होंने कोरोना का माइक्रो लेवल पर आकलन कराने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि प्रखंड के नीचे पंचायत और गांव स्तर तक कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या का पता लगाएं। इसे लेकर जरूरी कदम उठाएं। मुख्यमंत्री ने यह हिदायत दी कि जिलों में नियमित रूप से अधिक से अधिक लोगों की सैंपल जांच जारी रखें।
Source : Dainik Jagran
मुजफ्फरपुर नाउ टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।





