पिछले कुछ समय से लगातार जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर रहे लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के तेवर नरम पड़ गए हैं। चिराग ने शनिवार को कहा कि जेडीयू और नीतीश कुमार से मेरा कोई मतभेद नहीं है। मैंने जो भी मुद्दे उठाए हैं, वो एक जनप्रतिनिधि होने के नाते अपने सीएम के संज्ञान में लाने के लिए उठाए हैं। साथ ही साथ चिराग ने यह भी कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर एलजेपी की किसी के साथ बातचीत नहीं हुई है।

शनिवार को चिराग पासवान ने साफ तौर पर कहा कि मैं किसी को टेंशन नहीं दे रहा हूं। लोग क्यों टेंशन ले रहे हैं, ये मेरे समझ से परे है। चिराग ने कहा कि मैंने हाल ही में पूरे बिहार का भ्रमण किया है। मुझे जो समस्याएं दिखीं, उन्हीं को मैंने सीएम साहब के सामने रखा। नीतीश कुमार बिहार के सीएम हैं। मैं यहां कि समस्याएं उन्हीं के सामने रखूंगा न की किसी और के। चिराग ने कहा कि समस्याओं को सीएम के संज्ञान में लाना टेंशन बढ़ाना नहीं है। एक निजी चैनल से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि मेरी मंशा किसी को परेशान करने की बिल्कुल नहीं है।

सीट शेयरिंग के मुद्दे पर पूछे गए एक सवाल में चिराग पासवान ने कहा कि एलजेपी के किसी भी नेता की न तो बीजेपी और न ही जेडीयू से सीट शेयरिंग को लेकर बात हुई है। एलजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सीट को लेकर कोई लड़ाई ही नहीं है। हम बीजेपी के साथ हैं। बीजेपी ने कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी के निर्णय के साथ एलजेपी शुरू से है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जो होगा, वह बिहार के हित में होगा।

बीजेपी के साथ को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा भरोसा है। बीजेपी जो फैसला लेगी मैं उनके साथ हूं। कोई कारण नहीं है कि मैं बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व खासकर पीएम मोदी, अमित शाह या जेपी नड्डा से नारज रहूं।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD