बिहार में विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) का बिगुल बज चुका है. सभी पार्टियां अपने-अपने गठबंधनों का समीकरण ठीक करने में जुटी हुई हैं. सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA), दोनों ही गठबंधनों के घटक दलों के बीच रार मची हुई है. खासकर एनडीए में लोजपा (LJP) की तरफ से लगातार ये बयान आते रहे हैं कि वह 143 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. लेकिन इस बीच खबर है कि बीजेपी ने लोजपा को 27 विधानसभा सीटों और एमएलसी (MLC) की दो सीटें ऑफर की हैं. बीजेपी ने लोजपा को इन सीटों की पूरी लिस्ट भी सौंप दी है. इस ऑफर पर अब लोजपा की केंद्रीय चुनाव समिति अंतिम निर्णय लेगी.

बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच लोजपा को बीजेपी की तरफ से मात्र 27 सीटें ऑफर किए जाने से अब सियासी हलचल तेज हो गई है. रविवार को ही लोजपा की तरफ से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने तार्किक समझौते के तहत सीटों पर उम्मीदवार उतारने की बात कही थी. चिराग ने पार्टी के नेताओं से कहा था कि वे 143 सीटों पर बीजेपी के साथ लेकिन जेडीयू के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहते हैं. ऐसे में एनडीए से लोजपा के अलग होने की आशंकाओं के मद्देनजर चिराग पासवान को लोजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने यह सलाह दी थी कि मौजूदा माहौल में एनडीए से अलग होकर चुनाव लेना जोखिम भरा हो सकता है. इसके बाद आज बीजेपी की तरफ से लोजपा को 27 सीटों का ऑफर दिए जाने से बिहार का सियासी पारा और गर्माने के आसार हैं.

BJP, LJP, Bihar Election

आपको बता दें कि बिहार चुनाव की घोषणा से पहले से ही एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंसा हुआ है. लोजपा प्रमुख चिराग पासवान पिछले कई महीनों से जेडीयू के मुकाबले चुनाव में अपनी पार्टी का उम्मीदवार उतारने की बात कहते रहे हैं. वहीं, इस बारे में बीजेपी के नेता लगातार कहते रहे हैं कि एनडीए में सीट बंटवारे का मसला आसानी से सुलझा लिया जाएगा. लेकिन अब जबकि बीजेपी की तरफ से लोजपा को सीधे-सीधे 27 सीटें ऑफर कर दी गई हैं, ऐसे में यह पेंच सुलझने के बजाये और उलझता नजर आ रहा है. अब देखना होगा कि बीजेपी के ऑफर पर लोजपा की केंद्रीय चुनाव समिति क्या फैसला करती है. इस समिति के फैसले के बाद ही तय हो पाएगा कि बिहार चुनाव में लोजपा एनडीए के साथ रहेगी या अलग.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD