कुछ महीने पहले खुद को बिहार का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर राज्य की राजनीति में तूफान खड़ा कर देने वाली पलूरल्स पार्टी की नेता पुष्पम प्रिया चौधरी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अपने गृह नगर दरभंगा पहुंचीं. उनके साथ जुलूस में शामिल युवाओं ने न सिर्फ ट्रैफिक नियमों बल्कि कोरोना महामारी से संबंधित बनाए गए नियमों की भी जम कर धज्जियां उड़ाईं. इस दौरान देर शाम दरभंगा के श्यामा मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं पुष्पम ने मीडिया के साथ बेबाकी से बात की.

जनता के पास हैं सभी अधिकार

पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री बन कर क्या कर सकती हैं और क्या नहीं कर सकती हैं ये तो वहां बैठने के बाद ही पता चलेगा. उन्होंने कहा जिन लोगों को बिहार की जनता ने 15-15 साल तक राज करने की अधिकार दिया उन लोगों ने दिखा दिया है कि उनसे कुछ नहीं होगा. इसलिए अब हमें आगे बढ़ना चाहिए. प्रजातंत्र में जनता को हर पांच साल पर जन प्रतिनिधि चुनने और उसे सजा देने का अधिकार होता है. ऐसा नहीं होता है कि मौका देते जाओ और देते ही जाओ.

पलूरल्स नीतीश कुमार बनने नहीं देगी सीएम

पुष्पम ने कहा कि इस बार नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे और न ही यहां एनडीए की सरकार बनेगी क्योंकि पलूरल्स उन्हें बनने नहीं देगी, यहां के लोग उन्हें बनने नहीं देंगे. वे मुख्यमंत्री बन कर बिहार के शासन में सुधार करेंगी. यहां 45 विभाग हैं, उन सभी विभागों में एक साथ अच्छे से काम करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि वे कोशिश करेंगी कि ये सभी विभाग अच्छे से काम करें ताकि जो लोग काम नहीं कर रहे हैं उन्हें डिसमिस किया जाए.

विकास नहीं होने की वजह से आना पड़ा वापस

पुष्पम ने कहा कि 15-15 साल बिहार का विकास नहीं हुआ इसलिए उन्हें यहां आने की जरूरत पड़ी. उन्होंने कहा कि बिहार पर शासन करनेवालों में बिहार का विकास करने की नीयत नहीं थी. विकास करना आना भी चाहिए, विकास के बारे में पता भी होना चाहिए और उसकी नीयत भी होनी चाहिए. इन्सान को नैतिक भी होना चाहिए. इन लोगों में ये सारी चीजें नहीं थीं, इसलिए विकास नहीं हुआ. लेकिन ये सारी चीजें अब होंगी.

पलूरल्स कभी नहीं करेगी गठबंधन

पुष्पम ने कहा कि उनका किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं होगा क्योंकि ये उनकी आइडियोलॉजी के खिलाफ है. आइडियोलॉजी का यहां माखौल बना कर रख दिया गया है. कभी भी कोई किसी के साथ होते हैं और फिर दूसरे के साथ चले जाते हैं. लोगों को ये समझाने में बहुत मेहनत नहीं करनी पड़ेगी कि बाकी जो मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं उनसे कुछ नहीं होगा. अब उनसे ही ये सब होगा और वे सारे काम करेंगी, जिससे बिहार आगे बढ़ सके.

Input: ABP News

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD