हाथरस दुष्कर्म मामले पर लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की। चिराग ने इस केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट से कराने और दोषियों को कड़ी सजा शीघ्र दिलाने की मांग की है। बिहार लोजपा मीडिया प्रभारी कृष्णा सिंह कल्लू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है।

राहुल, प्रियंका की गिरफ्तारी पर कांग्रेसजनों में नाराजगी
उत्तर प्रदेश के हाथरस जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी और उनके साथ पुलिस द्वारा किये गये व्यवहार को लेकर प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई है।

प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने आरोप लगाया है कि योगी सरकार में लगातार हो रहे महिलाओं के उत्पीड़न और दुष्कर्म की घटनाओं ने कुशासन को सामने ला दिया। पीड़िता को न्याय दिलाने को लेकर जा रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के मार्च को जिस तरीके से रोका गया वह अक्षम्य है। पुलिस की कार्यशैली अपराधियों को संरक्षण देने वाली है और न्यायप्रिय लोगों पर दमनात्क कार्रर्वाई हो रही है।

उधर, एआईसीसी सदस्य कपिलदेव प्रसाद यादव ने कहा है कि लोकतंत्र में किसी भी व्यक्ति को अन्याय के खिलाफ आंदोलन का अधिकार है। यूपी पुलिस ने हमारी
पार्टी नेताओं को गिरफ्तार कर भाजपा की कार्यशैली उजागर कर दी। साफ हो गया कि भाजपा को लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। पार्टी प्रवक्ता राजेश राठौर ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

Input: Live Hinustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD