कोरोना संक्रमण के चलते बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार बड़ी चुनावी रैलियां नहीं दिखेंगी, बल्कि राजनैतिक दल डिजिटल वार की तैयारी में हैं. कोविड 19 के चलते चुनाव आयोग ने पहले ही रैलियों पर रोक लगा दी है, ऐसे में अब सभी दल डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं. तो वहीं भारतीय जनता पार्टी ने तो इसे लेकर बड़ा प्लान तैयार कर लिया है. बीजेपी बिहार के चुनावी कुरुक्षेत्र में 120 डिजिटल रथ उतारेगी.

ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं पर होगा फोकस

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि डिजिटल रथ यात्रा के माध्यम से वोटरों को लुभाया जाएगा. ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं पर ज्यादा फोकस रहेगा. ये डिजिटल रथ गांव-गांव पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत से लेकर अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देगा.

उन्होंने बताया कि 120 डिजिटल रथ तैयार किए गए हैं. आने वाले एक दो दिनों में लगभग 20 रथ को रवाना कर दिया जाएगा. इस रथ पर ‘जन जन की पुकार, आत्मनिर्भर बिहार’ लिखा होगा.

अन्य दल भी उतारने जा रहे डिजिटल रथ

भाजपा के अलावा हम पार्टी भी डिजिटल रथ उतारने की तैयारी में है. हम इस चुनाव में 50 डिजिटल रथ उतारेगी. इस रथ पर ’15 साल का सुशासन बनाम 15 साल का जंगलराज’ लिखा होगा. वहीं जदयू भी डिजिटल रथ उतारने की तैयारी में है.

Input : Aaj Tak

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD