भारतीय जनता पार्टी की डिजिटल विंग बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जल्द ही गानों का एक कलेक्शन जारी करने वाली है। इन गानों के जरिए पार्टी ‘बिहार में का बा (बिहार में क्या है)’ प्रश्न का जवाब ‘बिहार में ई बा (बिहार में यह है)’ से देगी। इन गानों में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के उपलब्धियों का उल्लेख किया जाएगा। इस विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए गठबंधन में बीजेपी के साथ नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू भी सहभागी है।

बीजेपी अपने चुनावी अभियान में आकर्षक धुन और आसान गीत के इस्तेमाल के साथ मतदाताओं तक पहुंचने के लिए जानी जाती है। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी बिहार में बोले जानी वाली कई भाषाओं और बोलियों के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने के लिए तैयार है। इन गानों में मल्टी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, पुल का निर्माण और अन्य विकास कार्यों का जिक्र होगा। 28 अक्टूबर को होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले इन गानों को रिलीज कर दिया जाएगा।

इस मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि हम बिहार के लोगों को मैथिली और भोजपुरी जैसी भाषाओं में गीतों के माध्यम से यह बताने की कोशिश करेंगे कि ‘बिहार में ई बा (बिहार में यह है।)’

बता दें कि सितंबर के महीने में बॉलीवुड अभिनेता मनोज वाजपेयी और निर्देशक अनुभव सिन्हा ने ‘बंबई में का बा (मुंबई में क्या है?)’ टाइटल से एक भोजपुरी रैप सॉन्ग लॉन्च किया था। इस गाने में प्रवासी श्रमिकों की परेशानियों को दिखाया गया था। इस गीत को प्रवासी भारतीयों के जीवन के संबंध में एक टिप्पणी के तौर पर देखा गया जो आजीविका और बेहतर जीवन की तलाश में अपने मूल राज्य को छोड़कर अन्य राज्य में जाते हैं।

हालांकि इस रैप सॉन्ग में बिहार का विशेष रूप से उल्लेख नहीं किया गया था। लेकिन इसे राज्य के खराब इंफ्रास्ट्रक्चर, तमाम अन्य सुविधायों की कमी और आजीविका के लिए न के बराबर अवसरों पर एक टिप्पणी की तरह देखा गया।

इस मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि हम विपक्ष के इस नकली कथन (बिहार में का बा) का मुकाबला करने के लिए राज्य में किए गए विकास कार्यों को बताएंगे। लोगों तक पहुंचने के लिए कई अन्य माध्यमों के साथ ही गानों का इस्तेमाल भी किया जाएगा। इसमें एक गाना बीजेपी के सदस्य और भोजपुरी के लोकप्रिय अभिनेता निरहुआ का भी है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD