प्लूरल्स पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखकर उनसे मांग की है कि बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव राष्ट्रपति शासन के तहत हों. राष्ट्रपति को लिखे पत्र में पुष्पम प्रिया चौधरी ने प्लूरल्स उम्मीदवारों के साथ मार-पीट, गाली-गलौच और लगातार मिल रही धमकी के मुद्दे को उठाया है.

पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा है कि प्लूरल्स पार्टी के उम्मीदवार साफ-सुथरी छवि और पढ़े-लिखे लोग हैं और बिहार को बदलने के लिए राजनीति में उतरे हैं. मगर उनके साथ लगातार दुर्व्यवहार किया जा रहा है, खासकर महिला उम्मीदवारों पर तंज कसे जा रहे हैं उनका मजाक उड़ाया जा रहा है.

दरअसल, शुक्रवार को प्लूरल्स पार्टी के अन्नू कुमार राघोपुर विधानसभा से नामांकन करने वैशाली जिला मुख्यालय गए हुए थे मगर वक्त पर नहीं पहुंचने के कारण नामांकन नहीं कर पाए. जब अन्नू कुमार नामांकन करने पहुंचे तो उस दौरान काफी बवाल मचा और पुलिस के द्वारा अन्नू कुमार की जमकर पिटाई की गई.

नामांकन करने की जिद में प्लूरल्स पार्टी के अन्नू कुमार ने पुलिस के साथ भी जमकर हाथापाई की. बवाल के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई जिसके बाद अन्नू कुमार को स्थानीय पुलिस घसीट कर ले जाने लगी.

Input: Aaj Tak

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD