बिहार विधानसभा चुनाव में कई दिग्गज नेताओं की दूसरी पीढ़ी का दमखम दांव पर लगा हुआ है। राम विलास पासवान के बेटे चिराग पासवान तथा लालू प्रसाद यादव के बेटों तेज प्रताप यादव व तेजस्‍वी यादव से लेकर पूर्व रेलमंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज श्रेयसी सिंह तक लिस्‍ट लंबी है। अब देखना यह है कि दिग्गजों की दूसरी पीढ़ी जनता में अपनी पैठ बना पाती है या नहीं।

चिराग पासवान की सूझबूझ की परीक्षा

इस चुनाव में रामविलास पासवान के पुत्र और लोजपा प्रमुख चिराग पासवान की राजनीतिक सूझबूझ की परीक्षा होगी, जो राजग से अलग होकर चुनाव मैदान में हैं। पूर्व मुख्‍यमंत्री जगन्नाथ मिश्र के पुत्र व पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा झंझारपुर से और पूर्व सांसद रामचंद्र पासवान के पुत्र कृष्ण राज रोसड़ा से चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर सिंह रामगढ़ से चुनाव उतरे हैं। कई और दिग्गजों की दूसरी पीढ़ी इस बार चुनाव मैदान में अपना दमखम दिखाने के लिए आतुर है।

लालू के दोनों लालों का भविष्‍य भी दांव पर

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के पुत्र तेज प्रताप यादव हसनपुर और तेजस्वी यादव राघोपुर से खुद चुनाव लड़ रहे हैं। राजद नेत्री व पूर्व मंत्री कांति सिंह के पुत्र ऋषि सिंह ओबरा से भाग्य आजमा रहे हैं। पूर्व मंत्री मुंद्रिका सिंह यादव के पुत्र सुदय यादव जहानाबाद से और पूर्व मंत्री श्रीनारायण यादव के पुत्र ललन यादव साहेबपुर कमाल, राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी के पुत्र राहुल तिवारी शाहपुर से चुनाव मैदान में हैं।

श्रेयसी से चेतन तक, लंबी है लिस्‍ट

पूर्व रेलमंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी व राष्ट्रीय निशानेबाज श्रेयसी सिंह जमुई और जेल में बंद पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह के पुत्र चेतन आनंद शिवहर से इस बार चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि, चेतन की मां लवली आनंद भी सहरसा से चुनाव लड़ रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव की पुत्री दिव्या प्रकाश तारापुर से चुनाव में उतरी है।

Source : Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD