बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए पार्टियां तो वादे और घोषणाएं कर ही रही हैं। प्रत्याशी भी अपने स्तर पर वोटरों को साधने के लिए अजब-गजब हथकंडे अपनाने से नहीं हिचक रहे हैं। एक ऐसा ही अलग नजारा देखने को मिला समस्तीपुर जिले में। यहां पर एक कांग्रेस प्रत्याशी ने भरी सभा में कुर्ता फाड़ते हुए एक प्रतिज्ञा ली। उन्होंने कहा कि जब तक अपनी प्रतिज्ञा को पूरा नहीं कर देता, तब तक कुर्ता नहीं पहनूंगा।

congress candidate nagendra kumar vikal bihar

समस्तीपुर जिले की रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के नागेंद्र कुमार विकल महागठबंधन के प्रत्याशी हैं। वे क्षेत्र में जनता से वोट मांगने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान एक सभा में उन्होंने अपना कुर्ता फाड़ दिया और कहा कि आज मैं प्रतिज्ञा लेता हूं कि जब तक रोसड़ा को जिला नहीं बना देता, कुर्ता नहीं पहनूंगा। प्रत्याशी को कुर्ता फाड़ता देख पहले तो लोग चौंके लेकिन उनके वादे पर लोगों ने खूब तालियां बजाईं।

पिछले काफी समय से रोसड़ा को जिला बनाने की मांग चल रही है। जनता के बीच चल रहे इस मुद्दे को कांग्रेस प्रत्याशी नागेंद्र कुमार ने चुनावी हवा दे दी है। रोसड़ा को जिला बनाने की मांग को लेकर कई बार आंदोलन हो चुका है, लेकिन उसका कोई असर नहीं दिखा। अब जनता की मांग को एक प्रत्याशी ने अपना चुनावी मुद्दा बना दिया है।

अब देखने वाली बात होगी कि नागेंद्र कुमार की प्रतिज्ञा का रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता पर कितना असर होता है।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD