लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला जारी है। गुरुवार को चिराग ने नीतीश पर जबरदस्त हमला किया। चिराग ने कहा कि नीतीश कहीं फिर से लालू की शरण में न चले जाएं।

बिहार चुनाव की घोषणा के साथ ही चिराग पासवान ने नीतीश को मुख्यमंत्री मानने से इनकार करते हुए अलग चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी थी। एनडीए एक ओर नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की कोशिशों में जुटी है। वहीं एनडीए का हिस्सा होने के बाद भी लोजपा लगातार नीतीश को निशाने पर लिये हुए है। लोजपा ने अपने ज्यादातर प्रत्याशी उन्हीं सीटों पर उतारे हैं जहां से नीतीश की पार्टी जदयू मैदान में है।

चिराग ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि पिछली बार लालू प्रसाद के आशीर्वाद से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे। बाद में उन्हें धोखा दे कर भाजपा के शरण में चले गए। इस बार कहीं प्रधानमंत्री का आशीर्वाद लेने के बाद फिर से लालू की शरण में न चले जाएं।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ने एनडीए से नाता तोड़कर लालू की पार्टी राजद के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। राजद-जद-यू और कांग्रेस के गठबंधन ने भारी जीत हासिल की थी। जद-यू की कम सीटें होने के बाद भी राजद ने नीतीश को मुख्यमंत्री बनाया था। बाद में नीतीश ने राजद का साथ छोड़ दिया और भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई थी।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD