पटना. बिहार के राज्यपाल फागू चौहान (Fagu Chauhan) से मिलने जा रहीं द प्लूरल्स पार्टी (The Plurals Party) की प्रमुख पुष्पम प्रिया चौधरी (Pushpam Priya Chaudhary) को पटना पुलिस ने इनकम टैक्स गोलंबर के पास रोक दिया. मंगलवार की शाम को कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई बिना अनुमति के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने पर की और उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले गई. जैसे ही पुष्पम को थाने लाने की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग कोतवाली थाना पहुंच गए. इस दौरान काफी देर तक गहमागहमी रही. हालांकि, देर रात पुलिस ने पुष्पम प्रिया चौधरी को हिरासत से छोड़ दिया, लेकिन इस घटना के बाद पुष्पम बेहद आहत दिखीं. उन्होंने अपने गुस्से का इजहार सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) पर किया और ट्वीट कर हमला बोला.
For the last 5 hours you harassed me through your police and administration. Remember this day @NitishKumar. I am coming for you. God bless you!
— Pushpam Priya Choudhary (@pushpampc13) October 27, 2020
पुष्पम प्रिया चौधरी ने अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को टैग करते हुए लिखा, नीतीश कुमार पिछले पांच घंटों से आपने मुझे अपनी पुलिस और प्रशासन के माध्यम से परेशान किया. मैं ये दिन याद रखूंगी. मैं आ रही हूं. भगवान आपका भला करे.
इस मामले पर कोतवाली कानून-व्यवस्था एएसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा, प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने पर उन्हें रोका गया था. पुलिस के रोकने के बावजूद वह कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़ रही थीं. उन्हें कोतवाली थाने में लाया गया था और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.
Source : News18






