बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2020 में सभी योग्य मतदाताओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित हो इस बाबत आज समाहरणालय परिसर मुजफ्फरपुर से सिकंदरपुर स्टेडियम तक स्वीप कोषांग मुजफ्फरपुर द्वारा वॉकाथान(पैदल मार्च) का आयोजन किया गया। पैदल मार्च में जिला निर्वाचन पदाधिकारी, नगर आयुक्त, सहायक समाहर्ता-उप विकास आयुक्त सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारीगण एवं प्रेक्षक गण द्वारा अपनी भागीदारी सुनिश्चित की गई।
इस कार्यक्रम में एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, नेहरू युवा केंद्र ,आईसीडीएस एवं जीविका के साथ विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं सदस्य भी शामिल थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी ,स्वयंसेवियों , युवा,नए निर्वाचक और महिलाओं का हुजूम पैदल मार्च करते हुए तथा छोड़ो अपने सारे काम,पहले चलो करें मतदान, आपका मतदान लोकतंत्र की जान नारे के साथ सभी सिकंदरपुर स्टेडियम पहुंचे जहां पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लोगों को संबोधित करते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

लोगों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षित मतदान के लिए मुजफ्फरपुर तैयार है और जिले के सभी 4694 मतदान केंद्रों पर कोरोना संक्रमण से बचाव की पुख्ता व्यवस्था की गई है उन्होंने अपील की कि 3 नवंबर और 7 नवंबर को सभी योग्य मतदाता अपने-अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्र पर आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
कहा कि इस बार के चुनाव में कोरोना के संक्रमण से बचाव तथा सुरक्षित मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग के द्वारा कई कई अहम निर्णय लिए गए है।

जिले में मतदान केंद्रों की संख्या लगभग डेढ़ गुनी बढ़ाई गई है।प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1000 मतदाता ही मतदान कर सकते हैं और मतदान का समय में भी एक घंटे की वृद्धि की गई है।साथ ही सभी मतदान केंद्रों को मतदान के एक दिन पूर्व सैनिटाइज किया जाएगा।अतः मतदाता निश्चिंत होकर मतदान केंद्र पर आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपकी सतर्कता एवं जागरूकता लोकतंत्र को न खेल स्थायित्व प्रदान करता है बल्कि लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने के साथ उसे जीवंत भी बनाता है।

कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता खुशबु गुप्ता ने सभी को शपथ दिलाई- हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग ,जाति, समुदाय ,भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचन में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे कार्यक्रम स्थल निर्वाचन से संबंधित क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।





