पटना: बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद महागठबंधन की सरकार बनती दिख रही है. ऐसे में एग्जिट पोल को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान मुस्तैद है. कांग्रेस सरकार बनाने की कवायद में जुट गई है. सोनिया गांधी ने अपने विधायकों पर नज़र रखने के लिए पार्टी की एक ऑब्ज़र्वर की टीम बनाई है जिसमें केंद्रीय स्तर के नेता रणदीप सुरजेवाला और अविनाश पांडेय को जिम्मेवारी मिली है.

बिहार: एग्जिट पोल से ही सतर्क हो गई कांग्रेस, MLA में टूट रोकने के लिए बनाई ऑब्जर्वर टीम

चुनाव परिणाम आने के बाद एमएलए में टूट को रोकने के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है. रविवार देर शाम रणदीप सुरजेवाला और अविनाश पांडेय पटना पहुंच सकते हैं.

कांग्रेस की ओर से आब्जर्वर नियुक्त करने के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा (Madan mohan Jha) ने कहा कि नियम के तहत पार्टी ने ऑब्ज़र्वर नियुक्त किये हैं. हर चुनाव के बाद पार्टी ऑब्जर्वर नियुक्त करती है. आब्जर्वर में वही लोग शामिल हैं जिन्होंने चुनाव करवाया है. इसलिए इसमें कोई खास बात नहीं है.

वही जेडीयू के एमएलसी गुलाम गौस ने कहा कि कांग्रेस सत्ता के बिना रह नहीं सकती. इसलिए चुनाव परिणाम से पहले ही पहरेदार बिठा रही है. आने वाले समय में कांग्रेस का देश से सफाया हो जाएगा.

वही आऱजेडी नेता राहुल तिवारी ने कहा कि एग्जिट पोल के मुताबिक महागठबंधन की सरकार पूर्ण बहुमत से बन रही है. दूसरे राज्यों की घटना से सीख लेते हुए कांग्रेस अगर सतर्क है तो ये अच्छी बात है.

Source : Zee News

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD