पटना. बिहार की एक सीट पर होने वाले राज्यसभा चुनाव (Bihar Rajya Sabha Election) की लड़ाई दिलचस्प होती दिख रही है. पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोजपा के दिग्‍गज नेता रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) के निधन से खाली हुए इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और दिग्‍गज नेता सुशील कुमार मोदी (Sushil Kumar Modi) को अपना उम्मीदवार बनाया है. जबकि महागठबंधन की तरफ से भी इस सीट को लेकर कवायद जारी है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरजेडी श्याम रजक (Shyam Rajak) को मैदान में उतारने की तैयारी में जुटी हुई है.

एक बार फिर एनडीए और महागठबंधन आमने सामने

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जेडीयू का साथ छोड़कर आरजेडी का दामन थामने वाले श्‍याम रजक राज्‍यसभा उम्‍मीदवार बनाना एक तरह से विधायक की टिकट न मिलने की भरपाई के तौर पर देखा जा रहा है. जबकि आरजेडी नेता के मैदान में उतरने से सुशील कुमार मोदी को चुनौती मिलना तय है. वैसे इससे पहले महागठबंधन बिहार विधानसभा में स्‍पीकर के चुनाव में अपना उम्‍मीदवार उतार कर एनडीए की परेशानी बढ़ा चुका है. हालांकि जीत एनडीए को ही मिली थी.

बिहार में एक बार फिर महागठबंधन और एनडीए आमने सामने.

बहरहाल, राज्यसभा की इस एक सीट पर चुनाव आयोग पूरी तैयारी कर चुका है और 14 दिसंबर को उपचुनाव होगा. गौरतलब है कि रामविलास पासवान भाजपा और जेडीयू के सहयोग से 2019 में निर्विरोध चुने गए थे. इस सीट का कार्यकाल 2 अप्रैल 2024 तक है. बिहार से ऊपरी सदन के सदस्य पासवान का इसी 8 अक्टूबर को निधन हो गया.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD