भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (Sushil Kumar Modi) बुधवार को अपराह्न 12.30 बजे राज्यसभा उपचुनाव में बतौर एनडीए प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. पटना कमिश्नर के कार्यालय में नॉमिनेशन के वक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार Chief Minister Nitish Kumar), भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी के साथ ही हम के अध्य्क्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी एवं वीआईपी के अध्यक्ष व मंत्री श्री मुकेश सहनी सहित बड़ी संख्या में विधायक, विधान पार्षद भी शामिल होंगे.

लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष और केंद्रीय मंत्री रहे राम विलास पासवान (Ram Vilas Paswan) के निधन से यह सीट खाली हुई है. बता दें कि 2019 में लोकसभा चुनाव के बाद पासवान राज्यसभा के लिए बिहार से भेजे गए थे. नरेंद्र मोदी-2 सरकार में पासवान को खाद्य आपूर्ति मंत्री की जिम्मेदारी मिली थी. ऐसे में चर्चा है कि सुशील मोदी भी केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री बनाए जा सकते हैं.

दूसरी ओर महागठबंधन की ओर से श्याम रजक को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा चल रही है. बता दें कि वे पहले जनता दल यूनाइटेड में थे और नीतीश कुमार और कैबिनेट में मंत्री भी थे, लेकिन विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पाला बदलकर राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हो गए थे. हालांकि किसी कारणवश उन्हें पार्टी का टिकट नहीं मिला.

दरअसल श्याम रजक अपनी परंपरागत सीट फुलवारी शरीफ से टिकट चाहते थे, लेकिन किसी कारण से उन्हें टिकट नहीं मिला. अब माना जा रहा है कि श्याम रजक के साथ हुई इस ज्यादती की भरपाई करने के लिए राष्ट्रीय जनता दल उन्हें राज्यसभा भेज सकता है.
गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनता दल दिवंगत राम विलास पासवान की पत्नी रीना पासवान को समर्थन देने के लिए इसलिए तैयार था, क्योंकि वह एक दलित चेहरा भी थी. पर चिराग पासवान के इनकार के बाद दलित चेहरे श्याम रजक पर दांव खेलना चाहती है.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD